सहारनपुर : फर्जी बैनामे से जमीन बेचने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, सदर बाजार पुलिस की कार्रवाई

सहारनपुर में फर्जी दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी से जमीन बेचने के मामले में थाना सदर बाजार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 9 अप्रैल 2026 को बेहट क्षेत्र की निवासी परवीन पुत्री इब्राहिम ने थाना सदर बाजार में शिकायत दर्ज कराई थी कि कई लोगों ने मिलकर साजिश के तहत फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन का बैनामा कर दिया और धोखाधड़ी से उसे बेच दिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी शाईस्ता पुत्री यासीन ने स्वयं को शाईस्ता पुत्री इब्राहिम दर्शाते हुए कथित रूप से फर्जी कागजात तैयार कराए, खतौनी में नाम दर्ज कराया और जमीन के बैनामे कराए। इस मामले में थाना सदर बाजार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर द्वितीय तथा प्रभारी निरीक्षक चन्द्रसैन सैनी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मंगलवार को दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में लखनोती खुर्द निवासी शाईस्ता पत्नी शाहनवाज तथा बेहट निवासी शहजाद पुत्र शमशाद शामिल हैं। दोनों को उनके-अपने ठिकानों से गिरफ्तार किया गया।
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी पहले भी धोखाधड़ी और जालसाजी सहित कई आपराधिक मामलों में नामजद रहे हैं। शाईस्ता के खिलाफ बेहट थाने में धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेज बनाने का एक मुकदमा दर्ज है, जबकि शहजाद पर सदर बाजार, बेहट और कोतवाली देहात थानों में धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक षड्यंत्र, अमानत में खयानत और अन्य गंभीर धाराओं के पांच मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में अन्य नामजद आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर रही है।

Leave a Comment

Read More