प्रयागराज। संगम नगरी के रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। पिछले 47 दिनों से जंक्शन की ‘शान’ कही जाने वाली प्रयागराज एक्सप्रेस (12417/12418) माघ मेले के कारण सूबेदारगंज स्टेशन से संचालित हो रही थी, अब एक बार फिर प्रयागराज जंक्शन पर लौट रही है। यानी प्रयागराज जंक्शन से चलेगी और यहां तक आएगी। 18 फरवरी से यात्री इस वीआइपी ट्रेन को पकड़ने के लिए जंक्शन का रुख करेंगे। इससे पिछले डेढ़ महीने से जारी यात्रियों की आपाधापी और अतिरिक्त मशक्कत से छुटकारा मिलेगा।
17 फरवरी तक सूबेदारगंज स्टेशन से संचालन–
विदित हो कि माघ मेले के दौरान जंक्शन पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे प्रशासन ने दो जनवरी से 17 फरवरी तक इस ट्रेन को सूबेदारगंज स्टेशन शिफ्ट कर दिया था। इस बदलाव के कारण शहर के मुख्य हिस्सों में रहने वाले यात्रियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। सूबेदारगंज तक पहुँचने के लिए न केवल ऑटो और टैक्सी का अतिरिक्त किराया जेब पर भारी पड़ रहा था, बल्कि समय की बर्बादी भी यात्रियों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच रही थी। अब मेला संपन्न होने की ओर है, तो रेलवे ने इस ट्रेन को पुनः जंक्शन से चलाने का निर्णय लेकर शहरवासियों को बड़ा उपहार दिया है।
पुराने समय पर होगा संचालन–
यह बदलाव न केवल आम यात्रियों बल्कि व्यापारियों के लिए भी बड़ी राहत लेकर आया है। प्रयागराज जंक्शन शहर के बीचों-बीच होने के कारण माल लाने-ले जाने और समय प्रबंधन में काफी सुविधा होती है। अब 18 फरवरी की रात से यह ट्रेन अपने निर्धारित समय 10:10 बजे प्रयागराज जंक्शन से प्रस्थान करेगी और सुबह वापसी में भी यहीं आकर रुकेगी। रेलवे के इस फैसले ने प्रयागराज से दिल्ली की राह को एक बार फिर सुगम और सरल बना दिया है।
Author: sarvendra chauhan
Share this:
- Share on Facebook (Opens in new window) Facebook
- Share on X (Opens in new window) X
- Print (Opens in new window) Print
- Email a link to a friend (Opens in new window) Email
- Share on Telegram (Opens in new window) Telegram
- Share on Threads (Opens in new window) Threads
- Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp











