NFO Alert : एक्सिस म्यूचुअल फंड का नया पैसिव FOF लॉन्च, सोने और चांदी में सिर्फ 100 रुपये से निवेश शुरू

Axis Gold & Silver Passive Fund of Fund : सोने और चांदी में पैसे लगाने तो हैं, लेकिन फिजिकल गोल्ड या सिल्वर खरीदने-बेचने के झमेलों से दूर रहते हुए – जिन निवेशकों की सोच कुछ इस तरह की है, उनके लिए एक नया इनवेस्टमेंट ऑप्शन खुल गया है. दरअसल एक्सिस म्यूचुअल फंड एक नया गोल्ड एंड सिल्वर फंड ऑफ फंड (FoF) लेकर आया है. एक्सिस गोल्ड एंड सिल्वर पैसिव फंड ऑफ फंड (Axis Gold & Silver Passive Fund of Fund) के नाम से पेश इस NFO में सब्सक्रिप्शन आज यानी बुधवार 10 दिसंबर से खुल गया है और 22 दिसंबर 2025 तक खुला रहेगा. इस स्कीम का फोकस निवेशकों को सोने और चांदी में एक साथ बैलेंस्ड एक्सपोजर देने पर रहेगा.

कमोडिटी को पोर्टफोलियो में जोड़ने का आसान तरीका

एक्सिस म्यूचुअल फंड (Axis Mutual Fund) का ये न्यू फंड ऑफर (New Fund Offer) निवेशकों के लिए पोर्टफोलियो में कमोडिटी एक्सपोज़र जोड़ने का एक आसान तरीका हो सकता है. Axis Gold & Silver Passive FoF एक ओपन-एंडेड स्कीम है, जिसके जरिये गोल्ड ईटीएफ (Gold ETF) और सिल्वर ईटीएफ (Silver ETF) में निवेश किया जाएगा. इस स्कीम के माध्यम से निवेशक दोनों कीमती मेटल्स में एक साथ पैसे लगाकर सोने-चांदी की कीमतों से जुड़े रिटर्न हासिल कर सकते हैं. इस फंड का बेंचमार्क गोल्ड और सिल्वर के घरेलू भाव पर आधारित है, जिसमें दोनों का वेटेज 50:50 होगा.

Axis MF की नई स्कीम, ₹100 से शुरू कर सकते हैं निवेश; किसे लगाना चाहिए

गोल्ड, सिल्वर को पोर्टफोलियो में क्यों शामिल करें?

पिछले कुछ वर्षों के दौरान शेयर बाज़ार में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है. इक्विटी में तेज उथल-पुथल के दौरान सोने-चांदी जैसे कीमती मेटल्स में किया गया निवेश पोर्टफोलियो को मजबूती देता है. गोल्ड को लंबी अवधि में हमेशा एक सुरक्षित निवेश माना जाता है, जबकि सिल्वर में मॉनेटरी वैल्यू के साथ इंडस्ट्रियल डिमांड भी जुड़ी होती है. इसीलिए दोनों मिलकर निवेशकों के पोर्टफोलियो को और मजबूत बनाते हैं.

क्सिस गोल्ड एंड सिल्वर पैसिव FoF के इस लॉन्च के दौरान एक्सिस AMC के MD और CEO बी. गोपकुमार ने  कहा, “गोल्ड और सिल्वर ने हमेशा महंगाई और करेंसी में उथल-पुथल (volatility) के दौर में निवेशकों को सुरक्षा दी है. इस FoF के जरिए हम निवेशकों को एक आसान और किफायती तरीका दे रहे हैं, जिससे वे फिजिकल गोल्ड और सिल्वर में निवेश से जुड़ी दिक्कतों के बिना इन मेटल्स में एक्सपोज़र ले पाएंगे.”strong>नई कैटेगरी में नया फंड: एक्सिस म्यूचुअल फंड ने लॉन्च किया Axis  Income Plus Arbitrage Passive FOF</strong> - axis mutual fund launches  income plus arbitrage passive fof - - The Economic Times

फंड का स्ट्रक्चर और मैनेजमेंट

Axis Gold & Silver Passive FoF को प्रतीक टिबरवाल (Pratik Tibrewal) और आदित्य पगारिया (Aditya Pagaria) मैनेज करेंगे, जिनके पास कमोडिटी और फिक्स्ड इनकम मार्केट में निवेश का लम्बा अनुभव है. इस फंड के पोर्टफोलियो का ज्यादातर हिस्सा तो गोल्ड और सिल्वर ETF में ही लगाया जाएगा, लेकिन स्कीम की लिक्विडिटी (liquidity) बनाए रखने के लिए 5% तक रकम मनी मार्केट इंस्ट्रूमेंट्स में रखी जा सकती है.

किन निवेशकों के लिए सही है ये NFO?

Axis Gold & Silver Passive FoF उन निवेशकों के लिए अच्छा ऑप्शन हो सकता है, जो अपने एसेट एलोकेशन (asset allocation) में गोल्ड और सिल्वर को जगह देना चाहते हैं. इसके अलावा ऐसे निवेशक भी इस पर विचार कर सकते हैं, जो हाई वोलैटिलिटी वाले बाज़ार में हेजिंग के लिए गोल्ड और सिल्वर में निवेश करना चाहते हैं, लेकिन फिजिकल गोल्ड और सिल्वर में निवेश से जुड़े झमेलों से बचना चाहते हैं. साथ ही ये एनएफो उन निवेशकों के लिए भी एक विकल्प हो सकता है, जो बेहद कम रकम से कमोडिटी में पैसे लगाने की शुरुआत करना चाहते हैं. हालांकि आम तौर पर सोने और चांदी जैसे कीमती मेटल्स को लंबी अवधि में सुरक्षित निवेश माना जाता है, लेकिन इसमें निवेश पर रिटर्न बाजार आधारित होते हैं, जिनकी कोई गारंटी नहीं होती. रिस्कोमीटर पर भी इस स्कीम को बहुत अधिक जोखिम (Very High Risk) की रेटिंग मिली है. इसलिए निवेश के बारे में फैसला करने से पहले उसके रिस्क–रिवॉर्ड और अपनी रिस्क लेने की क्षमता को समझना बेहद जरूरी है

पैसिव FoF में निवेश क्यों करें

सीधे फिजिकल सोना या चांदी खरीदने की तुलना में ETF और FoF ज़्यादा आसान और ट्रांसपेरेंट ऑप्शन होते हैं. इनमें फिजिकल गोल्ड या सिल्वर की तरह स्टोरेज की दिक्कत नहीं होती. साथ ही टैक्स, प्योरिटी और लॉजिस्टिक से जुड़ी चिंताओं से भी राहत मिलती है.
Passive FoF में फंड मैनेजर के फैसलों पर निर्भरता कम रहती है और निवेश की लागत भी तुलनात्मक रूप से कम रहती है.

एक्सिस म्यूचुअल फंड के मुताबिक उनके इस NFO का उद्देश्य भी यही है – इनवेस्टर्स को एक ऐसा आसान ऑप्शन मुहैया कराना, जिससे वे बिना किसी परेशानी के गोल्ड और सिल्वर दोनों में पैसे लगा सकें. खास बात यह है कि इस फंड में निवेश सिर्फ 100 रुपये से भी शुरू किया जा सकता है.

NFO की बड़ी बातें

  • फंड कैटेगरी : कमोडिटी आधारित FoF (डोमेस्टिक)

  • फंड टाइप : गोल्ड और सिल्वर ETFs में निवेश करने वाला ओपन एंडेड FoF

  • बेंचमार्क : डोमेस्टिक गोल्ड एंड सिल्वर प्राइस (Domestic Gold & Silver Prices – 50:50)

  • NFO की अवधि : 10 दिसंबर 2025 से 22 दिसंबर 2025

  • कम से कम निवेश (Minimum Investment) : 100 रुपये

  • एग्जिट लोड (Exit Load) : 15 दिनों के भीतर 0.25%, उसके बाद कुछ नहीं (NIL)

  • फंड मैनेजर : प्रदीप टिबरवाल (Pratik Tibrewal) और आदित्य पगारिया (Aditya Pagaria)

  • रिस्क लेवल : बहुत अधिक (Very High)

 (डिस्क्लेमर : इस आर्टिकल का उद्देश्य सिर्फ जानकारी देना है, किसी स्कीम में निवेश की सलाह देना नहीं. निवेश का कोई भी फैसला पूरी जानकारी हासिल करने के बाद और सेबी रजिस्टर्ड इनवेस्टमेंट एडवाइजर की सलाह लेकर ही करें.)

Leave a Comment

Read More