उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा 18 फरवरी से प्रारंभ हो रही है। परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
इस बीच बोर्ड ने परीक्षार्थियों को राहत देते हुए स्पष्ट किया है कि परीक्षा के दिन यदि कोई छात्र प्रवेशपत्र लाना भूल जाता है, तो उसे परीक्षा से वंचित नहीं किया जाएगा। ऐसे परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र पर ही शपथपत्र देना होगा कि वह अगली परीक्षा में अनिवार्य रूप से प्रवेशपत्र प्रस्तुत करेगा। यह सुविधा केवल एक बार ही मान्य होगी।
संयुक्त शिक्षा निदेशक माध्यमिक मुकेश डा. चंद्र अग्रवाल ने बताया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए इस बार कड़े निर्देश जारी किए गए हैं। यदि कोई परीक्षार्थी उत्तर पुस्तिका में नोट या किसी भी प्रकार की सामग्री रखता हुआ पकड़ा जाता है, तो उसकी उत्तर पुस्तिका तत्काल लॉक कर दी जाएगी और इसे नकल माना जाएगा। अब नोट को भी नकल सामग्री की श्रेणी में शामिल कर लिया गया है।
बोर्ड ने कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी व्यवस्था में भी बदलाव किया है। राजकीय एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षकों को कक्ष निरीक्षक के रूप में 20 पालियों में ड्यूटी देना अनिवार्य किया गया है। पूर्व में कुछ मामलों में समन्वय के आधार पर ड्यूटी में छूट मिल जाती थी, किंतु इस वर्ष इसे सख्ती से लागू किया गया है।
किसी भी परिस्थिति में प्रवेशपत्र के अभाव में परीक्षार्थी को परीक्षा से वंचित न किया जाए। साथ ही केंद्र व्यवस्थापकों को बोर्ड के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि परीक्षा निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन ढंग से संपन्न हो सके। प्रशासन ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे समय से परीक्षा केंद्र पर पहुंचें और सभी आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आएं, जिससे किसी प्रकार की असुविधा न हो।
Author: sarvendra chauhan
Share this:
- Share on Facebook (Opens in new window) Facebook
- Share on X (Opens in new window) X
- Print (Opens in new window) Print
- Email a link to a friend (Opens in new window) Email
- Share on Telegram (Opens in new window) Telegram
- Share on Threads (Opens in new window) Threads
- Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp











