मेरठः स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय मेरठ के गणेश शंकर विद्यार्थी सुभारती पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में पुरा-छात्र सम्मेलन का आयोजन विभागीय पुरा-छात्र प्रकोष्ठ द्वारा किया गया। इस आयोजन में विभाग से पीएचडी एवं परास्नातक तथा स्नातक की उपाधि प्राप्त कर चुके पूर्व विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश शंकर विद्यार्थी व स्वामी विवेकानंद के चित्रों के समक्ष पुष्पांजलि अर्पण के साथ हुई।
कार्यक्रम में अपने अध्क्षयीय संबोधन में बोलते हुए विभागाध्यक्ष प्रो.(डॉ.) ऋतेष चौधरी ने कहा कि पत्रकारिता की डिग्री लेकर और हाथ में माइक तथा कैमरा लेकर चलना ही पत्रकारिता नहीं है। पत्रकारिता का वास्तविक अर्थ है कि समाज के शोषित, वंचित तथा पीड़ित वर्ग की आवाज को सरकार तक तथा सरकार की योजनाओं एवं नीतियों को जनता तक सही और सटीक तरीके से पहुंचाया जाए। आज जब चारों ओर सोशल मीडिया एवं इंटरनेट पर लोग पत्रकारिता का सही प्रशिक्षण लिए बिना ही अपने अपने डिजिटल चैनल खोलकर स्वयं को पत्रकार कह रहे हैं और अधिकांशतः भ्रामक जानकारियां परोस रहे हैं ऐसे में इस क्षेत्र में प्रशिक्षित युवाओं से समाज की उम्मीद बढ़ जाती है। अतः सत्यता और निष्पक्षता एवं निर्भिकता के साथ वास्तविकता को सामने लाना ही सच्ची पत्रकारिता कहलाता है। हमें गर्व है कि सुभारती विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग के पूर्व-छात्र जो विभिन्न मीडिया संस्थानों में आज अपनी सेवाएं दे रहे हैं वे यहां पर सिखाई गई बातें जिनमें शिक्षा, सेवा, संस्कार तथा राष्ट्रीयता का भाव प्रमुख हैं को आज भी आत्मसात किए हैं और अपनी ईमानदार पत्रकारिता से संस्थान तथा अपने परिवार एवं अपना नाम गौरवान्वित कर रहे हैं।
इस अवसर पर बोलते हुए संस्थान से पीएचडी की उपाधि प्राप्त करने वाले तथा नोएडा के प्रसिद्ध मीडिया संस्थान से जुड़े हुए डॉ. विशाल सहाय ने कहा कि वे जीवन भर सुभारती विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के ऋणी रहेंगे क्योंकि यहां आने के बाद शोध के दौरान जो उच्च स्तरीय सुविधाएं एवं मार्गदर्शन तथा जीवन का एक नया नजरिया उन्हें मिला है वो उसे कभी नहीं भूल पाएंगे। उन्होंने कहा कि विभाग के सभी शिक्षक तथा स्टाफ एवं विश्वविद्यालय प्रशासन हमेशा छात्र हितों को ही सर्वोपरि रखता है और जब भी जहां भी छात्रों को कोई भी जरूरत होती है यहां के शिक्षक छात्रों के साथ में खड़े मिलते हैं। वहीं डॉ. हर्ष तोमर जो राजस्थान में कार्यरत हैं का कहना था कि सुभारती विश्वविद्यालय का पत्रकारिता विभाग में शोध एवं शिक्षण के लिए बेहतरीन अवसर एवं सुविधाएं उपलब्ध हैं। इस दौरान भारतीय सेना में कर्नल तथा विभाग से गत वर्ष ही एमजेएमसी की पढ़ाई पूरी करने वाले नीलोत्पल त्यागी का कहना था कि एक लंबे अरसे के बाद दोबारा पढ़ाई करना उनके लिए बहुत कठिन प्रतीत हो रहा था किंतु पत्रकारिता विभाग के शिक्षकों ने उनको इस कोर्स को सुगमता से पूरा करने में जो सहयोग किया है इसके लिए वे आजीवन सभी शिक्षकों के ऋणी रहेंगे।
इस कार्यक्रम का संयोजन विभाग के पुरा-छात्र प्रकोष्ठ के प्रभारी तथा विश्वविद्यालय के पुरा-छात्र न्यास के सदस्य राम प्रकाश तिवारी के द्वारा किया गया। इस दौरान विभाग के शिक्षक प्रो. अशोक त्यागी, डॉ. संतोष के. गौतम, डॉ. आशुतोष वर्मा, डॉ. प्रीति सिंह, तरुण जैन एवं शिक्षणेत्तर कर्मियों हर्षित, कपिल, संजय, विजेंद्र, कुलदीप आदि पुरा-छात्रों के साथ उपस्थित रहे।
Author: sarvendra chauhan
Share this:
- Share on Facebook (Opens in new window) Facebook
- Share on X (Opens in new window) X
- Print (Opens in new window) Print
- Email a link to a friend (Opens in new window) Email
- Share on Telegram (Opens in new window) Telegram
- Share on Threads (Opens in new window) Threads
- Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp










